रायगढ़। रायगढ़ जिले में स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में आज दोपहर बड़ा हादसा हो गया। पूंजीपथरा इलाके में स्थित फैक्ट्री के फर्नेस में अचानक रिसाव होने के बाद जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे की चपेट में आकर चार मजदूर झुलस गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल 2 मजदूरों को चिंताजनक हालत में रायपुर रिफर किया गया है। उधर घटना की जानकारी के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गयी है।
जानकारी के मुताबिक दोपहर के समय प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। इसी दौरान फर्नेस में तकनीकी गड़बड़ी के बाद अचानक विस्फोट हो गया। ब्लास्ट इतना तेज था कि आसपास काम कर रहे श्रमिक इसकी चपेट में आ गए। हादसे में अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज घायल हुए हैं। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। उद्योग प्रबंधन के अधिकारियों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कराया और पुलिस को घटना की सूचना दी।
