रायपुर। छत्तीसगढ़ में बीयर पीने के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश में माइक्रो ब्रुअरी स्थापित करने की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही आबकारी विभाग अब इच्छुक निवेशकों और होटल संचालकों को लाइसेंस जारी कर सकेगा।
इस फैसले के बाद छत्तीसगढ़ में पहली बार स्थानीय स्तर पर तैयार की जाने वाली क्राफ्ट बीयर का उत्पादन और बिक्री शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
क्या होती है माइक्रो ब्रुअरी?
माइक्रो ब्रुअरी ऐसी इकाई होती है, जहां सीमित मात्रा में ताजी बीयर तैयार की जाती है। यह बीयर बड़े कारखानों में बनने वाली बीयर से अलग होती है क्योंकि इसे ताजा परोसा जाता है और इसमें कई तरह के फ्लेवर और विशेष सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। आमतौर पर इसमें गेहूं, जौ, माल्ट, फलों और प्राकृतिक फ्लेवर का उपयोग किया जाता है।
कई फ्लेवर में मिलेगी क्राफ्ट बीयर
माइक्रो ब्रुअरी शुरू होने के बाद लोगों को लेमन, ऑरेंज, एप्पल, बेरी, व्हीट, डार्क, हनी और अन्य कई तरह के फ्लेवर वाली क्राफ्ट बीयर का स्वाद लेने का अवसर मिलेगा। यह बीयर सीधे ब्रुअरी से ग्राहकों को परोसी जाएगी, जिससे इसकी ताजगी और स्वाद बरकरार रहेगा।

