नारायणपुर। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत नारायणपुर पुलिस और सुरक्षा बलों को दो अलग-अलग सर्च ऑपरेशन में बड़ी कामयाबी मिली है। थाना ओरछा क्षेत्र के टेकला जंगल-पहाड़ी में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का बड़ा डंप बरामद किया गया, जबकि थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से 24 लाख रुपए नकद बरामद कर सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के हथियारों के साथ-साथ उनके आर्थिक तंत्र पर भी बड़ा प्रहार किया है।
जंगलों में छिपाए हथियार बरामद
विश्वसनीय सूचना के आधार पर चलाए गए इन अभियानों में सुरक्षा बलों ने जंगलों में छिपाए गए हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण सुरक्षित बरामद किए। पुलिस का कहना है कि यह सफलता लगातार चल रहे सर्च और एरिया डोमिनेशन अभियान का परिणाम है। इंसास, एसएलआर और .303 रायफल सहित भारी मात्रा में हथियार बरामद टेकला जंगल-पहाड़ी में मिले डंप से एक इंसास रायफल, दो एसएलआर रायफल, दो .303 रायफल, दो 30-ओसी बंदूक, एक बीजीएल लॉन्चर और एक सिंगल शॉट बंदूक सहित बड़ी मात्रा में मैगजीन, सैकड़ों जिंदा कारतूस, डेटोनेटर तथा बायोफेंग स्कैनर बरामद किए गए।
24 लाख रुपए की नकद राशि बरामद
पुलिस के अनुसार यह डंप नक्सलियों की गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण संसाधन केंद्र था। तोयामेटा में छिपाई गई 24 लाख की नकदी जब्त एक अन्य अभियान में 25 जून को थाना छोटेडोंगर क्षेत्र के तोयामेटा जंगल-पहाड़ी से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखी गई 24 लाख रुपए की नकद राशि बरामद की गई। सुरक्षा एजेंसियां इसे नक्सली संगठन के आर्थिक नेटवर्क के लिए बड़ा झटका मान रही हैं।

