रायपुर। छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्य पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत एक डाक अधीक्षक का तबादला किया गया है, जबकि एक अन्य अधिकारी को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। आदेश के बाद विभागीय हलकों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
अंबिकापुर से कांकेर भेजे गए एच आर साहू
जारी आदेश के अनुसार, एच आर साहू, जो वर्तमान में अंबिकापुर में सहायक डाक अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे, उनका तबादला कांकेर डाक अधीक्षक के पद पर किया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रेल डाक सेवा के अधीक्षक को मिला एक वर्ष का सेवा विस्तार
वहीं रायपुर रेल डाक सेवा के अधीक्षक सरजीत सरकार को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया है। वह पिछले चार वर्षों से इसी पद पर कार्यरत हैं और अब उन्हें एक साल तक इसी जिम्मेदारी पर बने रहने की अनुमति दी गई है।
नियमों से अलग फैसले पर विभाग में चर्चा
केंद्रीय विभागों में सामान्य तौर पर तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के बाद अधिकारियों का तबादला किए जाने का प्रावधान है। ऐसे में एक ही पद पर लंबे समय तक पदस्थ रहने और सेवा विस्तार दिए जाने के फैसले ने विभाग के भीतर कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
अधिकारियों के बीच बनी चर्चा का विषय
छत्तीसगढ़ डाक परिमंडल में हाल के समय में इस तरह के प्रशासनिक फैसलों को नई कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है। सेवा विस्तार और पदस्थापना को लेकर अधिकारियों के बीच अलग अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी सामने नहीं आई है।

