बेंगलुरु : कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के मडापट्टना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। पत्थर की खदान में काम के दौरान अचानक विशाल चट्टान ढहने से बिहार के सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिक घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
18 मजदूर कर रहे थे काम, अचानक ढह गई चट्टान
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब खदान में करीब 18 मजदूर पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान लगभग 40 फीट ऊंचाई से एक विशाल चट्टान अचानक मजदूरों के ऊपर आ गिरी। भारी मलबे के नीचे कई श्रमिक दब गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाले सात मजदूरों के रूप में हुई है। घायल श्रमिकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
उपमुख्यमंत्री ने जताया शोक, सख्त कार्रवाई के दिए संकेत
हादसे पर कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मडापट्टना में हुई इस दुर्घटना में सात मजदूरों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।उन्होंने कहा कि खदान संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित खदान संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

