कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से छह साइबेरियाई पक्षियों की मौत हो गई। यह घटना करतला वनमंडल क्षेत्र के रामपुर गांव में हुई, जहां इमली के एक पेड़ पर इन प्रवासी पक्षियों ने अपना बसेरा बनाया हुआ था। घटना के बाद पूरे गांव में मायूसी का माहौल है।
गरज-चमक के बीच गिरी बिजली, नहीं बच सके पक्षी
जानकारी के अनुसार बारिश के दौरान तेज गरज-चमक के बीच इमली के पेड़ पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से पेड़ पर मौजूद छह साइबेरियाई पक्षियों की मौके पर ही मौत हो गई।
हर साल हजारों किलोमीटर की उड़ान भरकर पहुंचते हैं रामपुर
रामपुर गांव में हर वर्ष साइबेरिया से हजारों किलोमीटर का सफर तय कर बड़ी संख्या में ये प्रवासी पक्षी पहुंचते हैं। बरसात के मौसम में यही पक्षी गांव में घोंसले बनाकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करते हैं। जब बच्चे उड़ने लायक हो जाते हैं, तब पूरा समूह वापस अपने मूल स्थान की ओर लौट जाता है।
ग्रामीण मानते हैं शुभ संकेत
गांव के लोग इन विदेशी पक्षियों के आगमन को शुभ मानते हैं। उनका विश्वास है कि इनके आने से गांव में सुख-समृद्धि बनी रहती है और मौसम भी अनुकूल रहता है। ऐसे में एक साथ छह पक्षियों की मौत से ग्रामीण दुखी हैं और इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना मान रहे हैं।
वन विभाग की नजर घटना पर
घटना के बाद वन विभाग को भी इसकी जानकारी दी गई है। स्थानीय लोग उम्मीद जता रहे हैं कि भविष्य में इन दुर्लभ प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि हर साल आने वाले इन विदेशी मेहमानों का सुरक्षित संरक्षण किया जा सके।

