एमसीबी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अलग-अलग इलाकों में जांच अभियान चलाकर रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे 5 ट्रैक्टरों को जब्त किया है।
खड़गवां क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर पकड़े गए
जानकारी के अनुसार 1 जुलाई 2026 को तहसील खड़गवां के ठग्गांव क्षेत्र में जांच के दौरान 2 ट्रैक्टर गिट्टी और 1 ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया।इन सभी वाहनों को आगे की कार्रवाई के लिए थाना खड़गवां में सुरक्षित रखा गया है।
मनेन्द्रगढ़ में भी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर जब्त
इसी तरह मनेन्द्रगढ़ क्षेत्र में रेत और गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए 2 अन्य ट्रैक्टर भी पकड़े गए। इन वाहनों को कलेक्टोरेट परिसर में खड़ा कराया गया है।इस तरह कुल 5 ट्रैक्टरों पर कार्रवाई की गई है।
कानून के तहत होगी सख्त कार्रवाई
खनिज विभाग ने बताया कि सभी जब्त वाहनों पर खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 और छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध खनन और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

