उज्जैन। महिदपुर तहसील के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रभारी प्राचार्य अर्जुन सिंह दावरे के तबादले के विरोध में शुक्रवार को छात्राओं ने स्कूल परिसर के बाहर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्राओं ने एकत्र होकर जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा तथा स्थानांतरण आदेश वापस लेने की मांग की।
‘प्राचार्य के नेतृत्व में बदली स्कूल की तस्वीर’
ज्ञापन में छात्राओं ने कहा कि अर्जुन सिंह दावरे के कार्यकाल में विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हुआ है। पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार के साथ बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम भी पहले की तुलना में अधिक अच्छे रहे हैं। इसके अलावा खेल, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में भी विद्यालय ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को बताया बड़ी उपलब्धि
छात्राओं का कहना है कि प्रभारी प्राचार्य ने अनुशासन के साथ-साथ छात्राओं की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी। विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष प्रोटेक्शन टीम का गठन किया गया, जिससे छात्राओं में सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना बढ़ी।
‘सत्र के बीच तबादला पढ़ाई पर डालेगा असर’
छात्राओं ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि नए शैक्षणिक सत्र और आगामी परीक्षाओं की तैयारियों के बीच प्राचार्य का स्थानांतरण उचित नहीं है। उनका कहना है कि इससे पढ़ाई, परीक्षा की तैयारी और विद्यालय की व्यवस्थाओं पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
‘बेहतर माहौल बनाए रखने के लिए कर रहे हैं विरोध’
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी व्यक्तिगत कारण से नहीं, बल्कि विद्यालय में बने बेहतर शैक्षणिक और सुरक्षित माहौल को बनाए रखने के उद्देश्य से है। उन्होंने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से संवेदनशीलता के साथ उनकी मांग पर विचार करने की अपील की।
प्रशासन तक पहुंचाया जाएगा ज्ञापन
मॉडल स्कूल के प्राचार्य रामेश्वर सोनी ने बताया कि प्रदर्शन करने वाली सभी छात्राएं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की हैं। उन्होंने कहा कि प्रभारी प्राचार्य अर्जुन सिंह दावरे का देवास जिले में स्थानांतरण प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत हुआ है। छात्राओं का ज्ञापन जिला शिक्षा अधिकारी और कलेक्टर को भेजा जाएगा, ताकि संबंधित अधिकारी उनकी मांग पर उचित निर्णय ले सकें।

