भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (CMD) भोला सिंह के खिलाफ धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने जबलपुर स्थित विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत (प्रोसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की है। अदालत ने शिकायत का प्रारंभिक संज्ञान लेते हुए आरोपी को नोटिस जारी कर दिया है। यह कार्रवाई सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा द्वारा दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।
आय से अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप
ईडी की जांच में सामने आया है कि भोला सिंह ने 1 जनवरी 2022 से 31 जनवरी 2024 के बीच NCL के CMD रहते हुए अपनी वैध आय से कहीं अधिक संपत्ति अर्जित की। जांच एजेंसी का आरोप है कि अवैध कमाई को वैध दिखाने के लिए नकदी, सोने के आभूषण और अन्य लोगों के बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।
रांची में फ्लैट खरीदने में लगाया गया कथित काला धन
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि तीसरे पक्ष से प्राप्त 50 लाख रुपये सहित अन्य रकम का उपयोग रांची के सेल सिटी में एक फ्लैट खरीदने के लिए किया गया। ईडी का दावा है कि इस निवेश के जरिए कथित अवैध धन को वैध संपत्ति के रूप में दर्शाने की कोशिश की गई।
2.79 करोड़ रुपये की संपत्ति पहले ही हो चुकी है कुर्क
ईडी अब तक जांच में 2.79 करोड़ रुपये की कथित अपराध से अर्जित संपत्ति की पहचान कर चुकी है। एजेंसी इससे पहले इतनी ही कीमत की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क भी कर चुकी है। कुर्क संपत्तियों में बैंक लॉकरों से बरामद सोने के आभूषण और रांची स्थित आवासीय फ्लैट शामिल हैं।
विशेष अदालत में चलेगी आगे की सुनवाई
ईडी की ओर से दायर अभियोजन शिकायत पर अब विशेष पीएमएलए अदालत में आगे की सुनवाई होगी। मामले में जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।

