रायपुर: छत्तीसगढ़ सरकार की आज होने वाली मंत्रिपरिषद की बैठक पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में शाम 4 बजे नवा रायपुर अटल नगर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। सूत्रों के अनुसार बैठक में रायपुर के नकटी गांव से जुड़े मामले पर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं।
मानसून सत्र से पहले सरकार की रणनीति पर मंथन
यह बैठक ऐसे समय हो रही है, जब छत्तीसगढ़ विधानसभा का पांच दिवसीय मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होने वाला है। माना जा रहा है कि कैबिनेट में आगामी सत्र के एजेंडे और विभिन्न प्रशासनिक तथा विकास संबंधी विषयों पर भी चर्चा हो सकती है।
एक हजार से ज्यादा सवालों के साथ गरमाएगा सदन
मानसून सत्र को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। अब तक विधायकों की ओर से 1,033 प्रश्न लगाए जा चुके हैं। ऐसे में इस बार सदन के भीतर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस होने की संभावना है।
इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी
कांग्रेस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि वह कानून-व्यवस्था, किसानों की समस्याएं, नकटी गांव भूमि विवाद, बिजली और पेयजल संकट, सड़क निर्माण तथा मानसून के दौरान व्यवस्थाओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। विपक्ष इन विषयों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है।
कानून-व्यवस्था भी रहेगा बड़ा मुद्दा
विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में हत्या, चाकूबाजी, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और नशे के कारोबार जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कांग्रेस इन मामलों पर सरकार की जवाबदेही तय करने और प्रभावी कार्रवाई की मांग कर सकती है।
हंगामेदार रहने के आसार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रश्नकाल, शून्यकाल और ध्यानाकर्षण प्रस्तावों के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। ऐसे में मानसून सत्र के पहले ही प्रदेश की राजनीति पूरी तरह गरमा गई है।

