दुर्ग: सुपेला थाना क्षेत्र में दो युवकों के साथ अपहरण, मारपीट और लूटपाट की गंभीर वारदात सामने आई है। पुलिस के अनुसार दो बालिग और चार नाबालिग आरोपियों ने स्कूटी खराब होने का फायदा उठाकर दोनों युवकों को जबरन अपने कब्जे में लिया और करीब पांच घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर घुमाते हुए उनसे नकदी, मोबाइल, जेवर और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए रकम भी हड़प ली।
स्कूटी को चोरी की बताकर रची पूरी साजिश
जानकारी के मुताबिक बालोद जिले के डौंडी क्षेत्र के रहने वाले दो युवक 2 जुलाई की रात दुर्ग-भिलाई घूमने पहुंचे थे। उनके पास एक बाइक और एक एक्टिवा स्कूटी थी। तड़के गदा चौक के पास स्कूटी खराब हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने स्कूटी खरीदने की बात कही। जब वाहन के दस्तावेज तत्काल नहीं दिखाए जा सके तो आरोपियों ने उसे चोरी का वाहन बताते हुए अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया।
मारपीट कर छीने मोबाइल, नकदी और चांदी के जेवर
इसके बाद आरोपियों ने दोनों युवकों को जबरन सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर के पास ले जाकर बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान पीड़ितों से तीन चांदी की अंगूठियां, एक चांदी का ब्रेसलेट, दो मोबाइल फोन, पांच हजार रुपए नकद और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी छीन ली गई।
पेटीएम से भी जबरन ट्रांसफर कराए 18 हजार रुपए
आरोपियों ने पीड़ितों से पेटीएम का पिन भी पूछ लिया और उनके खाते से 18,180 रुपए अपने बताए गए क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करा लिए। वारदात के दौरान दोनों युवकों को लगातार धमकाया जाता रहा, जिससे वे विरोध नहीं कर सके।
चाकू दिखाकर बनवाया कबूलनामे का वीडियो
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पीड़ितों को नगपुरा, कुरूद, ग्रीन चौक सहित कई इलाकों में घुमाया। बाद में पुलगांव चौक के पास चाकू की नोक पर उनसे एक वीडियो भी बनवाया, जिसमें यह कहलवाया गया कि वे चोरी की स्कूटी बेचने आए थे।
दो बालिग और चार नाबालिग पुलिस की गिरफ्त में
घटना की शिकायत मिलने के बाद सुपेला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो बालिग आरोपी सोहेल खान और अरजद को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही इस मामले में शामिल चार नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं और किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

