रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और बीते 24 से 48 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा हुई, जबकि मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर गरज-चमक की भी संभावना व्यक्त की गई है।
नदियां और झरने हुए लबालब
लगातार हो रही बारिश का असर प्रदेश की नदियों और जलप्रपातों पर भी दिखाई दे रहा है। सरगुजा जिले का लोसंगा नाला उफान पर बह रहा है। वहीं सारंगढ़-बिलाईगढ़ के गोमर्डा अभ्यारण्य स्थित माड़ोसिल्ली झरना पूरे वेग से बहने लगा है। जशपुर की पहाड़ियां और वन क्षेत्र घने कोहरे से ढके नजर आए, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य और भी आकर्षक हो गया।
किसानों की बढ़ी परेशानी
बारिश ने जहां जलस्तर बढ़ाया है, वहीं किसानों की चिंता भी बढ़ा दी है। बेमेतरा जिले में कई पुल-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण आवाजाही प्रभावित हुई है। कई खेतों में जरूरत से अधिक पानी भर जाने से बुवाई का काम प्रभावित हो रहा है, जिससे किसान मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखा असर
लगातार बारिश का प्रभाव जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी पड़ा है। डायलिसिस सेंटर की छत से पानी टपकने के कारण कर्मचारियों को वार्ड में बाल्टियां और टब रखकर पानी रोकने की व्यवस्था करनी पड़ी। हालांकि, मरीजों के उपचार पर कोई असर नहीं पड़ने दिया गया और चिकित्सा सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
अगले कुछ दिनों तक रहेगा बारिश का असर
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण झारखंड और उत्तरी ओडिशा के आसपास सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के कारण प्रदेश में लगातार वर्षा हो रही है। यह मौसम प्रणाली धीरे-धीरे उत्तरी छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ रही है, जिससे कुछ इलाकों में तेज बारिश की संभावना बनी हुई है। विभाग का अनुमान है कि इसके बाद बारिश की तीव्रता में धीरे-धीरे कमी आ सकती है, हालांकि फिलहाल लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

