कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में गुरुवार को बड़ा राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। हाल ही में राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर तृणमूल कांग्रेस का साथ छोड़ने वाले तीन वरिष्ठ नेताओं सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बराइक भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
साल्टलेक स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने तीनों नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया।
राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि भाजपा आगामी राज्यसभा चुनाव में इन तीनों नेताओं को उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि, पार्टी की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बंगाल की राजनीति में बढ़ी हलचल
तीनों नेताओं के भाजपा में शामिल होने को पश्चिम बंगाल की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे राज्य की सियासी समीकरणों पर असर पड़ सकता है। फिलहाल सभी की नजर भाजपा की आगामी रणनीति और संभावित राजनीतिक फैसलों पर टिकी हुई है।

