आलिया भट्ट और शारवरी अभिनीत फिल्म ‘अल्फा’ इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में गिनी जा रही थी। हालांकि रिलीज के बाद फिल्म को समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली, जबकि सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर मिश्रित माहौल देखने को मिला। इसका असर सीधे बॉक्स ऑफिस पर दिखाई दिया और शुरुआती अच्छी शुरुआत के बावजूद फिल्म की रफ्तार जल्द ही धीमी पड़ गई।
सातवें दिन रही सीमित कमाई
बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के अनुसार, फिल्म ने गुरुवार यानी रिलीज के सातवें दिन भारत में करीब 2.60 करोड़ रुपये का नेट कारोबार किया। इसके साथ ही घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले सप्ताह की कुल कमाई 47.55 करोड़ रुपये तक पहुंची।
फिल्म अपने पहले सप्ताह में 50 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी, जिसे इसके प्रदर्शन के लिहाज से निराशाजनक माना जा रहा है।
दुनिया भर में 79 करोड़ से अधिक का कारोबार
विदेशी बाजारों में सातवें दिन फिल्म ने लगभग 1.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसके बाद पहले सप्ताह का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 79.21 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
बजट के मुकाबले प्रदर्शन कमजोर
निर्माताओं ने फिल्म का आधिकारिक बजट घोषित नहीं किया है, लेकिन विभिन्न रिपोर्ट्स के मुताबिक ‘अल्फा’ को लगभग 100 से 130 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है। ऐसे में मौजूदा कमाई को देखते हुए फिल्म पर बजट निकालने का दबाव बढ़ गया है।
दूसरे सप्ताह की कमाई पर टिकी नजर
अब फिल्म के लिए दूसरा सप्ताह बेहद अहम माना जा रहा है। यदि दर्शकों का मजबूत समर्थन नहीं मिला तो बॉक्स ऑफिस पर इसकी राह और कठिन हो सकती है। इसी बीच ‘धमाल 4’ की रिलीज भी ‘अल्फा’ के कारोबार को प्रभावित कर सकती है।
फिल्म को कैसी मिली प्रतिक्रिया?
फिल्म को कुछ समीक्षकों ने एक स्टाइलिश एक्शन एंटरटेनर बताया है। कई समीक्षाओं में कहा गया कि ‘अल्फा’ एक बार सिनेमाघरों में देखी जा सकने वाली फिल्म है, लेकिन इसे दूसरी बड़ी एक्शन फिल्मों से तुलना करने के बजाय अलग नजरिए से देखा जाना चाहिए। वहीं आलिया भट्ट के अभिनय को भी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।

