PM Modi New Zealand Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया गया। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह समझौता आर्थिक सहयोग और रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाई देगा। उन्होंने कम समय में वार्ता पूरी कर समझौते को सफल बनाने के लिए न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और उनकी टीम का आभार भी जताया।
40 साल बाद भारतीय प्रधानमंत्री की न्यूजीलैंड यात्रा
ऑकलैंड में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चार दशक बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का न्यूजीलैंड दौरा दोनों देशों के रिश्तों में नई ऊर्जा लेकर आया है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा आपसी विश्वास, सहयोग और दीर्घकालिक साझेदारी को और मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
FTA को बताया बड़ी उपलब्धि
प्रधानमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री की भारत यात्रा के दौरान मुक्त व्यापार समझौते की प्रक्रिया शुरू हुई थी और बेहद कम समय में इसे अंतिम रूप देना उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इतनी तेजी से किसी व्यापार समझौते का पूरा होना वैश्विक स्तर पर भी महत्वपूर्ण उदाहरण माना जाएगा।
पिछली भारत यात्रा का किया जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री की पिछले वर्ष होली के अवसर पर हुई भारत यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस दौरे ने दोनों देशों के संबंधों में नई गर्मजोशी और विश्वास का संचार किया था। उन्होंने कहा कि अब दोनों देश अपने रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी के नए चरण में ले जा रहे हैं।
लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित साझेदारी
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र, कानून के शासन और साझा मूल्यों में विश्वास भारत और न्यूजीलैंड को स्वाभाविक साझेदार बनाता है। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में दोनों देशों का सहयोग क्षेत्रीय स्थिरता, शांति और समृद्धि को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उद्योग जगत और भारतीय समुदाय से भी करेंगे संवाद
न्यूजीलैंड यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी प्रमुख उद्योगपतियों और खेल जगत की हस्तियों से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों के शामिल होने की संभावना है। यह कार्यक्रम दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को भी नई मजबूती देने वाला माना जा रहा है।

