भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को भिंड जिले के लहार में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 38वीं मासिक किस्त जारी करेंगे। इस दौरान प्रदेश की लगभग 1 करोड़ 25 लाख 15 हजार से अधिक पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
हर माह मिल रहे 1500 रुपये
राज्य सरकार के अनुसार, नवंबर 2025 से योजना के तहत मिलने वाली मासिक सहायता राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इसके बाद से पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये का लाभ मिल रहा है। जून 2023 में योजना शुरू होने के बाद अब तक 37 नियमित किस्तों का सफलतापूर्वक वितरण किया जा चुका है और अब 38वीं किस्त जारी की जा रही है।
322 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात
लहार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विकास कार्यों का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। करीब 238.96 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 40 विकास कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 83.33 करोड़ रुपये की लागत वाली 16 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और शिलान्यास भी होगा।
क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति
सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के जरिए महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ अधोसंरचना विकास को भी मजबूती देने का प्रयास किया जाएगा।

