मध्य प्रदेश : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 14 से 17 जुलाई तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स-2026 में हिस्सा लेंगे। इस दौरान वे देश और विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांड्स के साथ बैठक कर प्रदेश में नए निवेश के अवसरों को बढ़ावा देने का प्रयास करेंगे।
निवेशकों के साथ होंगी अहम बैठकें
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री निवेशकों के साथ वन टू वन बैठक, राउंड टेबल चर्चा, निवेशक संवाद और समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर जैसे कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन बैठकों का उद्देश्य मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल, गारमेंट और फुटवियर उद्योग में नए निवेश को आकर्षित करना है।
विशेष पेवेलियन में दिखेगी मध्य प्रदेश की औद्योगिक ताकत
भारत टेक्स-2026 में मध्य प्रदेश का विशेष पेवेलियन भी लगाया जाएगा। इसमें राज्य की उद्योग अनुकूल नीतियां, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास कार्यक्रम, पीएम मित्र पार्क और टेक्सटाइल उद्योग की पूरी वैल्यू चेन को वैश्विक निवेशकों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
निवेश, रोजगार और निर्यात पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री की विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली बैठकों में निवेश बढ़ाने, उत्पादन क्षमता विस्तार, निर्यात को प्रोत्साहन, रोजगार सृजन और आधुनिक तकनीक के उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद रहेंगे।
कई महत्वपूर्ण एमओयू पर होंगे हस्ताक्षर
निवेश संवर्धन, कौशल विकास, औद्योगिक सहयोग और निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। साथ ही कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियां जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली मध्य प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में भागीदारी और निवेश की इच्छा भी जता सकती हैं।
100 से अधिक उद्योगपति होंगे शामिल
भारत टेक्स-2026 के दौरान आयोजित विशेष राउंड टेबल बैठक में टेक्सटाइल और गारमेंट उद्योग से जुड़े 100 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान उद्योग जगत से सुझाव लेकर राज्य में निवेश बढ़ाने और टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए देंगे आमंत्रण
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का निमंत्रण देंगे। साथ ही वे निवेशकों से मध्य प्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा का भागीदार बनने और राज्य में निवेश बढ़ाने का आह्वान भी करेंगे।

