दिल्ली : राजधानी दिल्ली से एक ही परिवार से जुड़ी दो दर्दनाक घटनाओं ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। पत्नी की हत्या के आरोप में फरार चल रहे दिल्ली पुलिस के कॉन्स्टेबल मनीष भाटी का शव मंगलवार को मयूर विहार इलाके में मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उसने कथित तौर पर अपनी ही सर्विस पिस्टल से खुद को गोली मारकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पत्नी की हत्या के बाद से चल रहा था फरार
पुलिस के अनुसार, मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड में तैनात था। उस पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप था। वारदात के बाद से वह लगातार फरार था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार को मयूर विहार इलाके में उसका शव मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया।
सड़क पर हुए विवाद ने ले ली पत्नी की जान
जांच में सामने आया है कि सोमवार तड़के करीब तीन बजे मनीष और उसकी पत्नी प्रियंका स्कूटी से घर से निकले थे। दोनों पूर्वी विनोद नगर के रहने वाले थे और उनकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। रास्ते में किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
पुलिस के मुताबिक, एलबीएस अस्पताल के पास बहस बढ़ने पर मनीष ने कथित तौर पर अपनी सर्विस पिस्टल से प्रियंका के सीने में गोली मार दी। घटना के बाद वह मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों और एक ऑो चालक की मदद से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अब दोनों मामलों को जोड़कर हो रही जांच
मनीष की मौत के बाद पुलिस हत्या और कथित आत्महत्या, दोनों मामलों की एक साथ जांच कर रही है। घटनास्थल से हथियार समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं और फोरेंसिक विशेषज्ञ हर पहलू की जांच में जुटे हैं।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों पर पुलिस की नजर
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की गहन जांच की जा रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी कड़ी स्पष्ट हो सके। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि सभी तकनीकी साक्ष्यों और परिस्थितियों का विश्लेषण करने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

