देशभर : मॉनसून की रफ्तार फिलहाल कुछ धीमी जरूर हुई है, लेकिन मौसम विभाग और मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह सुस्ती ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। मॉनसून ट्रफ की स्थिति में बदलाव के चलते आने वाले दिनों में कई राज्यों में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
इन राज्यों में फिर सक्रिय होगा बारिश का दौर
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत और ओडिशा के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भी बारिश के आसार बने हुए हैं। पश्चिमी हिमालयी राज्यों, उत्तर पंजाब, गुजरात, कोंकण-गोवा, तटीय कर्नाटक, केरल और तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में भी हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में उमस बरकरार, येलो अलर्ट जारी
राजधानी दिल्ली में हल्की बारिश के बावजूद लोगों को उमस से राहत नहीं मिल सकी। भारतीय मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
बारिश के बाद भी नहीं सुधरी हवा की गुणवत्ता
हल्की बारिश के बावजूद दिल्ली की वायु गुणवत्ता में खास सुधार देखने को नहीं मिला। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 159 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अभी शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है। हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
20 जुलाई के बाद फिर बदल सकता है मौसम
विशेषज्ञों के अनुसार 18 और 19 जुलाई से कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने लगेंगी। वहीं 20 जुलाई के बाद मॉनसून ट्रफ के दक्षिण की ओर खिसकने की संभावना है, जिससे उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश फिर तेज हो सकती है। इस दौरान रुक-रुक कर वर्षा, गरज-चमक और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। अधिकतम तापमान कई क्षेत्रों में 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

