मध्य प्रदेश : सागर जिले में एक वेयरहाउस के भीतर उस समय हड़कंप मच गया, जब सामान से भरे ट्रक की डिक्की में जहरीली नागिन छिपी मिली। ट्रक भोपाल रोड से माल लेकर खुरई रोड स्थित भैंसा वेयरहाउस पहुंचा था। समय रहते सांप दिखाई देने से एक बड़ा हादसा टल गया।
डिक्की खोलते ही दिखी सांप की पूंछ
जानकारी के अनुसार, ट्रक खड़ा करने के बाद हेल्पर औजार निकालने के लिए डिक्की खोलने पहुंचा। जैसे ही उसने डिक्की का ढक्कन उठाया, अंदर सांप की पूंछ दिखाई दी। यह देखते ही वह घबरा गया और तुरंत ट्रक से नीचे उतरकर ड्राइवर को भी सुरक्षित बाहर बुला लिया।
जिस जगह बैठा था हेल्पर, उसके नीचे छिपी थी नागिन
घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि जिस डिक्की में नागिन छिपी थी, उसके ठीक ऊपर कुछ समय पहले तक हेल्पर बैठा हुआ था। यदि डिक्की खोलते समय सांप हमला कर देता, तो गंभीर हादसा हो सकता था। स्थिति को समझते हुए हेल्पर ने खुद कोई जोखिम नहीं उठाया और तुरंत स्नेक कैचर को सूचना दी।
ढाई फीट लंबी नागिन का सुरक्षित रेस्क्यू
सूचना मिलने पर स्नेक कैचर अकील बाबा मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद करीब ढाई फीट लंबी नागिन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
जंगल में छोड़ा गया जहरीला सांप
स्नेक कैचर के अनुसार, यह कोबरा प्रजाति की बेहद जहरीली नागिन थी। समय पर इलाज न मिलने पर इसके काटने से जान का खतरा हो सकता है। राहत की बात यह रही कि नागिन ने किसी पर हमला नहीं किया। रेस्क्यू के बाद उसे सुरक्षित प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।
सतर्कता से बची बड़ी अनहोनी
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि किसी भी वाहन या बंद जगह में अचानक वन्यजीव दिखाई देने पर स्वयं पकड़ने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। विशेषज्ञों को सूचना देकर सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कराना ही सबसे सही और सुरक्षित उपाय है।

