CG News: रोजगार की तलाश में कर्नाटक गए छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की खदान हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के मरवाही क्षेत्र स्थित पंडरी गांव निवासी धर्मेश सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
काम के दौरान धंसा पत्थर, मौके पर हुई मौत
बताया जा रहा है कि बेंगलुरु के पास स्थित एक पत्थर खदान में काम के दौरान अचानक चट्टान का हिस्सा धंस गया। धर्मेश सिंह इसकी चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में सात मजदूरों की गई जान
जानकारी के अनुसार, इस दुर्घटना में अब तक कुल सात मजदूरों की मौत हो चुकी है, जिनमें छत्तीसगढ़ के धर्मेश सिंह भी शामिल हैं। हादसे के बाद संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं।
परिजनों ने मांगी सरकारी मदद
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के घर में मातम छा गया। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। गांव के लोगों ने भी पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।

