यौन शोषण के आरोप के बाद पुलिस की कार्रवाई, अस्पताल में चल रहा पीड़िता का इलाज
गंजाम। ओडिशा के गंजाम जिले के ब्रह्मपुर से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। कथित तौर पर लंबे समय से हो रहे यौन उत्पीड़न से परेशान एक युवती ने अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। गंभीर रूप से झुलसी युवती का अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने पीड़िता के बयान और प्रारंभिक जांच के आधार पर उसके पिता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
पीड़िता के बयान के बाद दर्ज हुआ मामला
पुलिस के अनुसार, मामले की जानकारी मिलने के बाद स्वतः संज्ञान लेकर जांच शुरू की गई। अस्पताल में उपचार के दौरान पीड़िता का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने अपने पिता पर लंबे समय तक यौन शोषण करने के आरोप लगाए। बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
जांच में मिले डिजिटल साक्ष्य
गंजाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आलोक जेना ने बताया कि जांच के दौरान पिता और बेटी के बीच हुई कुछ चैट भी सामने आई हैं। इन डिजिटल साक्ष्यों के साथ अन्य दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।
अन्य गंभीर आरोपों की भी हो रही जांच
पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी उस पर अन्य लोगों के साथ संबंध बनाने का दबाव डालता था। साथ ही, शिकायत करने से रोकने के लिए उसके शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी अपने कब्जे में रखे थे। पुलिस इन आरोपों की भी गहन जांच कर रही है।
अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में
जांच के दौरान कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस का कहना है कि उनकी संभावित भूमिका का सत्यापन किया जा रहा है। यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

