जगदलपुर। खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त अभियान शुरू किया है। किसानों की शिकायतों के बाद कृषि विभाग ने जिलेभर में खाद-बीज विक्रेताओं की जांच की, जिसमें कई दुकानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
33 विक्रेताओं को नोटिस, 28 दुकानों की बिक्री बंद
जांच अभियान के दौरान कृषि विभाग ने नियमों के उल्लंघन के मामले में 33 खाद-बीज विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। वहीं 28 दुकानों में खाद और बीज की बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।
6 दुकानों से खाद-बीज जब्त, एफआईआर भी दर्ज
कार्रवाई के दौरान छह दुकानों से खाद और बीज का स्टॉक जब्त किया गया है। इन मामलों को आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय भेजा गया है। वहीं एक विक्रेता के खिलाफ गंभीर अनियमितता मिलने पर एफआईआर भी दर्ज की गई है।
लाइसेंस निलंबित और निरस्त
कृषि विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों पर लाइसेंस संबंधी कार्रवाई भी की है। दो दुकानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं, जबकि दो अन्य दुकानों के लाइसेंस पूरी तरह निरस्त कर दिए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद जिले के खाद-बीज कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
स्टॉक और कीमत प्रदर्शित करना अनिवार्य
प्रशासन ने सभी खाद-बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे दुकान में उपलब्ध स्टॉक और निर्धारित बिक्री दर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करें। ऐसा नहीं करने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
अधिकारियों ने बताया कि जिलेभर में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा। कृषि विभाग की टीमें खाद-बीज की गुणवत्ता, लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और बिक्री प्रक्रिया की नियमित जांच कर रही हैं, ताकि किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों से की गई यह अपील
जिला प्रशासन ने किसानों से कहा है कि खाद और बीज खरीदते समय केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही सामग्री लें और खरीद की रसीद अवश्य प्राप्त करें। यदि कहीं नकली खाद-बीज, अधिक कीमत वसूली या किसी अन्य गड़बड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल कृषि विभाग को शिकायत करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

