अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी परिसर में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब वाइस चांसलर आवास के पास एक कार में युवक और युवती के नशे की हालत में होने की सूचना सामने आई। छात्रों ने कार को घेर लिया। इस दौरान कार को नुकसान पहुंचने की भी बात कही जा रही है। बाद में यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
कार के पास हुआ विवाद, छात्रों ने देखा पूरा घटनाक्रम
बताया जा रहा है कि छात्रों की नजर कैंपस में मौजूद एक कार पर पड़ी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार के पास एक युवक और युवती के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान युवती अपने साथ मौजूद युवक के साथ मारपीट करने लगी।
मामला बढ़ने पर कार में मौजूद एक युवक वहां से निकलकर लाइब्रेरी की ओर चला गया और कथित तौर पर रिसर्च डिवीजन में पहुंच गया। छात्रों ने उसे वहां से बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद यूनिवर्सिटी की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
नशे में होने की बात, दोनों की तबीयत बिगड़ी
एएमयू के प्रॉक्टर के अनुसार, युवक और युवती दोनों नशे की हालत में पाए गए। महिला टीम की मौजूदगी में युवती को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। उसकी हालत काफी खराब बताई गई और वह ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी। बाद में उसने वॉशरूम में उल्टियां भी कीं।
युवक की तबीयत भी बिगड़ गई और उसे भी उल्टियां होने की जानकारी सामने आई। स्थिति को देखते हुए यूनिवर्सिटी प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई
सूचना मिलने पर संबंधित थाना पुलिस यूनिवर्सिटी कैंपस पहुंची और युवक-युवती को अपने साथ ले गई। अब पुलिस दोनों की पहचान, कैंपस में उनके पहुंचने और घटना के पीछे की पूरी वजह की जानकारी जुटा रही है।
छात्र ने बिना नंबर प्लेट वाली कार का किया दावा
छात्र फैसल त्यागी के मुताबिक, कैंपस में एक लावारिस कार दिखाई दी थी, जिस पर नंबर प्लेट नहीं थी। उन्होंने बताया कि कार में मौजूद युवती अपने साथ आए युवक से मारपीट कर रही थी। इसकी सूचना प्रॉक्टर को दी गई, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया।
प्रोफेसर नवेद खान ने भी बताया कि यूनिवर्सिटी को कार में युवक-युवती के होने और दोनों के नशे की हालत में होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद दोनों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

