कटहल की सब्जी का स्वाद तो ज्यादातर लोगों को पसंद आता है, लेकिन इसे स्वादिष्ट और पूरी तरह मसालेदार बनाना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कई बार कटहल ठीक से नहीं पकता, तो कभी मसालों का स्वाद सब्जी में अच्छी तरह नहीं उतर पाता।
अगर आप इस बार कटहल को कुछ अलग अंदाज में बनाना चाहते हैं, तो मसालेदार कटहल कोरमा ट्राई कर सकते हैं। दही, सुनहरे तले प्याज और खुशबूदार साबुत मसालों से तैयार इसकी ग्रेवी बेहद स्वादिष्ट और रिच होती है। इसे नान, तंदूरी रोटी, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसा जा सकता है।
कटहल कोरमा के लिए चाहिए ये सामग्री
- 500 ग्राम कच्चा कटहल
- 4 बड़े चम्मच सरसों का तेल
- 4 पतले कटे प्याज
- 300 से 400 ग्राम फेंटा हुआ ताजा दही
- 2 बड़े चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 2 हरी मिर्च
- 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
- 1 छोटा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च
- आधा छोटा चम्मच हल्दी
- आधा छोटा चम्मच जीरा पाउडर
- आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
- 1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
- नमक स्वादानुसार
- आधा छोटा चम्मच गुलाब जल
- आधा छोटा चम्मच केवड़ा जल
- जरूरत के अनुसार पानी
- सजाने के लिए हरा धनिया और अदरक के लच्छे
कोरमा का खास मसाला ऐसे करें तैयार
कटहल कोरमा का असली स्वाद इसके खास मसाले से आता है। इसके लिए एक बड़ी इलायची, 3 हरी इलायची, 2 से 3 टुकड़े जावित्री, जायफल का छोटा टुकड़ा, आधा चक्र फूल, थोड़ा दालचीनी, 8 से 10 काली मिर्च, 3 से 4 लौंग, 1 छोटा चम्मच जीरा और आधा छोटा चम्मच सौंफ लें।
इसमें एक बड़ा चम्मच सूखी गुलाब की पंखुड़ियां और आधा तेजपत्ता भी डालें। सभी मसालों को धीमी आंच पर कुछ सेकंड के लिए हल्का भूनें। ध्यान रखें कि मसाले जलने न पाएं। ठंडा होने के बाद इन्हें मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें।
कटहल को पहले दें हल्का सुनहरा रंग
कटहल को अच्छी तरह धोकर उसका अतिरिक्त पानी सुखा लें। अब कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें और कटहल के टुकड़ों को मध्यम आंच पर हल्का सुनहरा होने तक फ्राई करें। इन्हें बहुत ज्यादा कुरकुरा करने की जरूरत नहीं है।
कटहल सुनहरा हो जाए तो इसे निकालकर अलग रख दें।
तले प्याज से आएगा कोरमे में खास स्वाद
उसी तेल में कटे हुए प्याज डालें और उन्हें गहरा सुनहरा होने तक तलें। प्याज कुरकुरा हो जाए तो निकालकर ठंडा करें। इसके बाद इसे हाथ से हल्का क्रश करें या मिक्सर में दरदरा पीस लें।
तला हुआ प्याज कोरमा की ग्रेवी को गाढ़ापन देने के साथ उसमें हल्की मिठास भी जोड़ता है।
दही और मसालों से तैयार करें रिच ग्रेवी
कड़ाही में बचे तेल को गर्म करें। तेल बहुत गर्म होने के बाद आंच धीमी कर दें और उसे थोड़ा ठंडा होने दें। अब कमरे के तापमान वाला फेंटा हुआ दही धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें। इससे दही के फटने की संभावना कम होगी।
अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट, धनिया पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, जीरा पाउडर और नमक डालें। इसके बाद क्रश किया हुआ तला प्याज, कसूरी मेथी और तैयार कोरमा मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
मिश्रण को धीमी आंच पर पकाते रहें। जब मसाला अच्छी तरह भुन जाए और तेल अलग दिखाई देने लगे, तब समझें कि ग्रेवी तैयार होने लगी है।
अब कटहल को ग्रेवी में पकने दें
तले हुए कटहल के टुकड़े मसाले में डालें और करीब 3 से 4 मिनट तक अच्छी तरह भूनें। इसके बाद जरूरत के अनुसार थोड़ा गर्म पानी डालकर ग्रेवी की कंसिस्टेंसी तय करें।
हरी मिर्च डालकर कड़ाही को ढक दें और धीमी आंच पर करीब 15 मिनट पकने दें। धीमी आंच पर पकाने से मसाले कटहल के अंदर तक अच्छी तरह पहुंचेंगे। चाहें तो कड़ाही के नीचे भारी तवा रखकर भी इसे धीमी आंच पर पका सकते हैं।
आखिर में डालें ये दो चीजें, बढ़ जाएगी खुशबू
सब्जी पकने के बाद इसमें गरम मसाला, गुलाब जल और केवड़ा जल डालकर हल्के हाथ से मिलाएं। ऊपर से ताजा हरा धनिया और अदरक के पतले लच्छे डालें।
अब आपका मसालेदार कटहल कोरमा तैयार है। इसे गर्मागर्म तंदूरी रोटी, नान, पराठे या जीरा राइस के साथ परोसें। मलाईदार ग्रेवी और मसालों की खुशबू कटहल की इस डिश को रोज की सब्जी से बिल्कुल अलग स्वाद देगी।

