उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को दो पैन कार्ड मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने उनकी जमानत मंजूर करने के साथ सजा पर भी रोक लगा दी है। इसी मामले में उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को भी राहत मिली है। हालांकि, अदालत के इस फैसले के बाद भी आजम खान की जेल से रिहाई तय नहीं मानी जा रही है, जबकि अब्दुल्ला आजम के बाहर आने की संभावना जताई जा रही है।
दो पैन कार्ड मामले में मिली राहत
जस्टिस समित गोपाल की एकल पीठ ने आजम खान और अब्दुल्ला आजम की आपराधिक पुनरीक्षण याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। दोनों को 17 नवंबर 2025 को दो पैन कार्ड रखने के मामले में सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद से दोनों जेल में बंद है।हाईकोर्ट से जमानत और सजा पर रोक मिलने के बाद अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता खुलता दिखाई दे रहा है। हालांकि, आजम खान के मामले में स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
आजम खान की रिहाई में क्या है अड़चन?
आजम खान के खिलाफ दो अन्य मामले लंबित बताए जा रहे है। इनमें से एक मामला प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला 10 सितंबर को उत्तर प्रदेश विजिलेंस की ओर से दर्ज किए जाने की जानकारी दी गई है।वकील के मुताबिक, इन मामलों में अभी तक वारंट जारी नहीं हुआ है। ऐसे में आजम खान की रिहाई इन मामलों की कानूनी स्थिति पर निर्भर कर सकती है। यदि रिहाई में बाधा बनने वाला कोई वारंट जारी नहीं होता है, तो उनके जेल से बाहर आने की संभावना बन सकती है। फिलहाल उनकी रिहाई को लेकर अंतिम स्थिति स्पष्ट नहीं है।
यूपी चुनाव से पहले सपा के लिए अहम हो सकता है फैसला
उत्तर प्रदेश में आने वाले महीनों में चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना के बीच आजम खान को मिली राहत समाजवादी पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जेल में रहने के बावजूद रामपुर समेत कई क्षेत्रों में आजम खान का प्रभाव माना जाता है।कुछ दिन पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी जेल में उनसे मुलाकात की थी। ऐसे में आजम खान की रिहाई और आगे की कानूनी स्थिति पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।
जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी संपत्ति भी अटैच
आजम खान को हाईकोर्ट से राहत ऐसे समय मिली है, जब इससे एक दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय ने जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित संपत्ति अटैच की थी। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके कुछ दिन पहले पूछताछ के बाद आजम खान और अन्य लोगों के खिलाफ ईडी ने मामला दर्ज किया था।इस तरह दो पैन कार्ड मामले में राहत मिलने के बावजूद आजम खान की जेल से रिहाई अन्य मामलों की स्थिति पर निर्भर करेगी।

