रायपुर। रायपुर के अभनपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बैंक मित्र से दिनदहाड़े दो लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने पहले मिर्ची पाउडर फेंककर उसे असहाय बनाने की कोशिश की, लेकिन पीड़ित द्वारा हेलमेट का फेस गार्ड नीचे कर लेने के कारण उनकी योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपियों ने बाइक अड़ाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और बैंक से रैकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बिरोदा निवासी पोषण साहू बैंक मित्र का कार्य करता है। सोमवार शाम करीब पांच बजे वह बैंक ऑफ बड़ौदा, अभनपुर से दो लाख रुपये निकालकर अपने गांव लौट रहा था। घटना के समय वह खोरपा और बिरोदा गांव के बीच स्थित पगडंडी मार्ग से गुजर रहा था, तभी बाइक सवार दो युवक उसका पीछा करते हुए वहां पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि पीछे बैठे बदमाश ने अचानक पोषण साहू की आंखों की ओर मिर्ची पाउडर फेंका। लेकिन पोषण साहू ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए हेलमेट का फेस गार्ड नीचे कर लिया, जिससे मिर्ची का प्रभाव नहीं पड़ा। इसके बाद बदमाशों ने अपनी बाइक उसके सामने अड़ा दी और जबरन नकदी से भरा बैग छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो गए।

