बस्तर संभाग में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2025 के अंतर्गत संभाग स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन 11 से 13 दिसंबर तक किया जाएगा। इस तीन दिवसीय इवेंट में बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कांकेर, नारायणपुर और कोंडागांव जिलों के हजारों खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
जिला स्तर से चयनित खिलाड़ी अब संभाग स्तरीय मुकाबलों में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इन प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, दौड़, तीरंदाजी, रस्साकशी, फुटबॉल, पारंपरिक खेलों सहित कई इवेंट शामिल हैं। आयोजकों ने बताया कि सभी खेल स्थलों पर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत की जा रही है।
बस्तर ओलंपिक का उद्देश्य आदिवासी अंचल में छिपी खेल प्रतिभा को निखारना, उन्हें राज्य और राष्ट्रीय स्तर के अवसर देना और युवाओं को नशा व हिंसा से दूर सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी खिलाड़ियों और दर्शकों में प्रतियोगिताओं को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है।प्रतियोगिता के विजेताओं को राज्य स्तरीय इवेंट में प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।