रायपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना से जुड़े करोड़ों किसानों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 जून 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से योजना की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इस अवसर पर पूरे देश में पीएम-किसान उत्सव दिवस मनाया जाएगा। नई किस्त की राशि सीधे पात्र किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों में आर्थिक सहायता मिलेगी।
केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत किसानों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपए की सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। अब अप्रैल से जुलाई 2026 की अवधि के लिए 23वीं किस्त जारी होने जा रही है, जिसका लाभ देशभर के करोड़ों किसानों को मिलेगा।
प्रदेश के किसानों को मिलेगा लाभ
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले सहित प्रदेश के लाखों किसान भी इस योजना से लाभान्वित हो रहे हैं। किसानों को समय पर आर्थिक सहायता मिलने से खेती की लागत का बोझ कम होता है और उन्हें बीज, खाद तथा अन्य कृषि आवश्यकताओं की पूर्ति में मदद मिलती है। कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार पात्र किसानों के खातों में राशि सीधे डीबीट के माध्यम से भेजी जाएगी। इससे पारदर्शिता सुनिश्चित होती है और किसानों तक बिना किसी बिचौलिये के सहायता राशि पहुंचती है।
पीएम-किसान उत्सव दिवस के रूप में मनाया जाएगा कार्यक्रम
23वीं किस्त जारी होने के अवसर पर देशभर में पीएम-किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया जाएगा। जिलों और विकासखंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही कृषि क्षेत्र में केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों तक पहुंचाई जाएगी। इस दौरान कृषि अधिकारियों द्वारा किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत तकनीक, प्राकृतिक खेती, जैविक कृषि और सरकारी योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
किसानों के लिए बड़ी आर्थिक सहायता योजना
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना देश की सबसे बड़ी प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (DBT) योजनाओं में शामिल है। योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपए की सहायता तीन किस्तों में दी जाती है। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाती है।योजना का उद्देश्य छोटे और सीमांत किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा खेती से जुड़े खर्चों को पूरा करने में मदद करना है। वर्षों से यह योजना किसानों की आय बढ़ाने और कृषि गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

