छत्तीसगढ़ : बस्तर जिले के लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गोंचा पर्व के अवसर पर जिला प्रशासन ने 16 जुलाई, गुरुवार को स्थानीय अवकाश घोषित किया है। कलेक्टर आकाश छिकारा की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह अवकाश पूरे बस्तर जिले में लागू रहेगा। हालांकि, कोषालय और उप-कोषालय इस दिन भी सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे और नियमित कामकाज जारी रहेगा।
गोंचा पर्व पर मिलेगा स्थानीय अवकाश
जारी आदेश के मुताबिक, वर्ष 2026 के स्थानीय अवकाश कैलेंडर के तहत गोंचा पर्व को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि अवकाश का लाभ जिले के सभी संबंधित शासकीय कार्यालयों और संस्थानों को मिलेगा, जबकि वित्तीय सेवाओं से जुड़े कार्यालयों को इस आदेश से छूट दी गई है।
बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं और मानसून की तैयारियों पर विशेष जोर
स्थानीय अवकाश की घोषणा के साथ ही कलेक्टर आकाश छिकारा ने जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के मौसम में सर्पदंश और मौसमी बीमारियों से निपटने के लिए सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में जीवन रक्षक दवाइयां उपलब्ध रहें।
इसके अलावा नक्सल पुनर्वासित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना समेत सभी पात्रता आधारित सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।
स्कूलों की व्यवस्था सुधारने के दिए निर्देश
बैठक के दौरान कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को सभी स्कूल परिसरों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उनके आवेदन भरवाने और बेहतर तैयारी कराने पर भी जोर दिया, ताकि जिले से अधिक से अधिक विद्यार्थियों का चयन हो सके।
शिक्षा योजनाओं की भी हुई समीक्षा
समीक्षा बैठक में टैलेंट तिहार, बोलेगा बचपन, अपार आईडी, यू-डाइस, पीएम श्री विद्यालयों के निर्माण कार्य, बाल वाटिका संचालन और पीएम पोषण योजना की प्रगति का भी जायजा लिया गया। कलेक्टर ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

