बिलासपुर। शहर में बढ़ते अपराध, चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए बिलासपुर पुलिस ने रविवार सुबह बड़े स्तर पर विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने निगरानी बदमाशों, चाकूबाजों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान 90 संदिग्धों और आदतन अपराधियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
76 बदमाशों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि जांच और सत्यापन के बाद 76 आदतन बदमाशों एवं चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस का उद्देश्य ऐसे लोगों पर निगरानी बढ़ाकर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण करना है।
12 आरोपी भेजे गए जेल
अभियान के दौरान 12 आदतन अपराधियों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
दो लोगों से मिले अवैध धारदार हथियार
कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार बरामद किए गए। दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बदमाशों के ठिकानों का भी किया सत्यापन
विशेष अभियान के तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों ने निगरानी बदमाशों और चाकूबाजी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों के घरों और ठिकानों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन किया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

