बिलासपुर। केंद्रीय जेल बिलासपुर में मंगलवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहे एक कैदी ने पाक्सो एक्ट के मामले में बंद विचाराधीन बंदी की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल बंदी को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
बैरक में लूडो खेलते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार कोटा क्षेत्र के दवनपुर निवासी नीलू जगत वर्ष 2024 से पाक्सो एक्ट के मामले में विचाराधीन बंदी के रूप में जेल में निरुद्ध था। उसे जेल की ई-वन बैरक में रखा गया था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे बैरक में कुछ बंदी और कैदी लूडो खेल रहे थे, जबकि नीलू पास में लेटा हुआ था।
इसी दौरान तिहरे हत्याकांड में सजा काट रहा कैदी राजेश राय वहां पहुंचा और हाथ में रखे पत्थर से नीलू के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बैरक में अफरा-तफरी मच गई। अन्य बंदियों ने किसी तरह बीच-बचाव किया, लेकिन तब तक नीलू गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
सिम्स में उपचार के दौरान मौत
घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन ने घायल नीलू को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर करीब 12 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना की सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है।

