पेड्रा। मरवाही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उषाढ में दिनदहाड़े एक व्यवसायी के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामले में अब घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो अज्ञात बदमाश व्यवसायी को जबरन अपने साथ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है तथा आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार ग्राम उषाढ निवासी दुर्गा यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके पति गिरीश यादव घर पर किराना, छड़-सीमेंट एवं आटा चक्की का व्यवसाय संचालित करते हैं। घटना के दिन लगभग सुबह 11 बजे गिरीश यादव घर के गलियारे में आराम कर रहे थे, जबकि उनका पुत्र पंकज दुकान पर मौजूद था।
इसी दौरान नीले रंग की एक कार में सवार दो अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचे। दोनों ने दुकान से सिगरेट और पानी खरीदा तथा गिरीश यादव के बारे में जानकारी ली। जैसे ही पंकज अपने पिता को बुलाने अंदर गया, दोनों आरोपी जबरन घर में घुस गए।
आरोपियों ने स्वयं को पुलिसकर्मी बताते हुए गिरीश यादव पर स्टील रंग की पिस्तौल तान दी और विरोध करने पर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद वे गिरीश यादव को जबरन कार में बैठाकर बरौर बस्ती की दिशा में ले गए।
वाहन का आंशिक नंबर दिखा
पीड़ित परिवार के अनुसार वाहन का आंशिक नंबर “OD 8552” दिखाई दिया था। घटना के बाद परिवार द्वारा परिचितों को सूचना दी गई। बरौर निवासी मनीष जायसवाल ने वाहन को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन आरोपी तेज गति से मरवाही की ओर फरार हो गए।

