कोण्डागांव। छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले में देशी मशरूम खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आया है। पलारी गांव में एक ही परिवार के आठ लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में पता चला कि वही मशरूम पड़ोसी परिवार ने भी खाया था, जिसके बाद उनके कुछ सदस्य भी बीमार पड़ गए।
देशी मशरूम खाने के कुछ घंटे बाद बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, पलारी गांव निवासी देवांगन परिवार ने घर में फूटू (देशी मशरूम) की सब्जी बनाकर खाई थी। भोजन करने के कुछ घंटे बाद रात करीब दो बजे परिवार के सदस्यों को लगातार उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत शुरू हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजन सभी को निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
दो बच्चे समेत आठ लोग हुए प्रभावित
फूड पॉइजनिंग से प्रभावित लोगों में दो बच्चे, तीन महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। अस्पताल में डॉक्टरों ने सभी का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें से पांच मरीजों की हालत को देखते हुए उन्हें भर्ती कर उपचार शुरू किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक इलाज और निगरानी के बाद घर भेज दिया गया।
पड़ोसी परिवार भी पहुंचा अस्पताल
जिला अस्पताल की चिकित्सक डॉ. ईशा दुग्गड़ ने बताया कि प्रभावित परिवार ने यही देशी मशरूम की सब्जी अपने पड़ोसियों को भी खाने के लिए दी थी। इसके बाद पड़ोसी परिवार के कुछ लोगों में भी फूड पॉइजनिंग के लक्षण दिखाई दिए और उन्हें भी इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। सभी मरीजों की चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।
डॉक्टरों ने बरतने की सलाह दी सावधानी
चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जंगलों से मिलने वाले देशी मशरूम का सेवन पूरी सावधानी के साथ करें। पहचान के बिना किसी भी जंगली मशरूम का उपयोग स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

