रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को रायपुर जिले के समोदा में 112 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। इस दौरान सड़क, स्वास्थ्य, नगरीय विकास और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत होगी। कार्यक्रम में राज्य सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
67 कार्यों का लोकार्पण, 29 परियोजनाओं का होगा भूमिपूजन
मुख्यमंत्री 21 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए 67 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। वहीं करीब 90 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत वाले 29 नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और विकास कार्यों को गति देना है।
ये मंत्री और जनप्रतिनिधि रहेंगे मौजूद
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव करेंगे। इसके अलावा वन एवं पर्यावरण मंत्री एवं रायपुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आरंग और समोदा में कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
मुख्यमंत्री आरंग क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के 9.43 करोड़ रुपये के तीन कार्यों का लोकार्पण करेंगे। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 79 लाख रुपये की लागत वाले पांच कार्य भी जनता को समर्पित किए जाएंगे। इसके अलावा समोदा नगर पंचायत में 6.67 करोड़ रुपये के 20 विकास कार्यों तथा आरंग नगर पालिका के 4.78 करोड़ रुपये लागत वाले 39 कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा।
नई परियोजनाओं की रखी जाएगी आधारशिला
मुख्यमंत्री लोक निर्माण विभाग के 61.11 करोड़ रुपये की लागत वाले आठ नए कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के 2.54 करोड़ रुपये के 11 निर्माण कार्यों और समोदा नगर पंचायत के 8.70 करोड़ रुपये के नौ विकास कार्यों की भी आधारशिला रखी जाएगी।
100 बिस्तरों वाले अस्पताल का भी होगा भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान नवा रायपुर के सेक्टर-17 स्थित कोटरा भाठा में स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बिस्तरों के आधुनिक अस्पताल का भूमिपूजन भी किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

