कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रेलर ने मवेशियों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में छह मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, कुदुरमाल भाटापारा स्थित धनराज पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे और सड़क पार कर रहे मवेशियों के झुंड पर तेज गति से आ रहा ट्रेलर चढ़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छह मवेशियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो घायल होकर सड़क पर तड़पते रहे।
भाग रहे चालक को ग्रामीणों ने घेर लिया
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा। हालांकि आसपास मौजूद ग्रामीणों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मृत मवेशियों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, जबकि घायल मवेशियों का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है।

