छत्तीसगढ़ : लाखों तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए आज का दिन खास रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय वर्ष 2023 के तेंदूपत्ता बोनस का वितरण करेंगे। इस दौरान प्रदेश के 7 लाख 14 हजार 446 संग्राहकों के बैंक खातों में 162 करोड़ 32 लाख 19 हजार 864 रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित की जाएगी।
डीबीटी के जरिए सीधे खातों में पहुंचेगी राशि
राज्य सरकार तेंदूपत्ता बिक्री से प्राप्त शुद्ध आय का 80 प्रतिशत हिस्सा बोनस के रूप में संग्राहकों को दे रही है। पूरी राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर प्रणाली के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी, जिससे भुगतान प्रक्रिया पारदर्शी और तेज होगी।
बस्तर संभाग को मिलेगा सबसे ज्यादा बोनस
बोनस वितरण में बस्तर संभाग को सबसे बड़ी हिस्सेदारी मिलेगी। यहां की 125 प्राथमिक लघु वनोपज सहकारी समितियों से जुड़े 1 लाख 54 हजार 112 संग्राहकों को लगभग 45.87 करोड़ रुपये का बोनस मिलेगा। वहीं बीजापुर जिले के हितग्राहियों के खातों में 10.70 करोड़ रुपये और कांकेर जिले के संग्राहकों को 6.38 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी। इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों के पात्र संग्राहकों को भी बोनस का लाभ मिलेगा।
वनांचल के परिवारों को मिलेगा आर्थिक संबल
सरकार का कहना है कि इस बोनस वितरण से वन क्षेत्रों में रहने वाले लाखों परिवारों की आय में बढ़ोतरी होगी। तेंदूपत्ता संग्रहण से जुड़े श्रमिकों और उनके परिवारों को आर्थिक मजबूती मिलेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार आने के साथ ग्रामीण और वनांचल क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।

