रायपुर/मनेंद्रगढ़: बिहार विधानसभा चुनाव में NDA की बंपर जीत का जश्न सिर्फ बिहार में ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ में भी जोर-शोर से मनाया गया। मनेंद्रगढ़ जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनडीए की जीत पर आतिशबाजी, मिठाइयां बांटकर और डांस कर खुशियां मनाईं। पूरे कार्यक्रम में सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहे प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, जिन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ भोजपुरी गीतों पर जमकर थिरककर माहौल को और भी उत्साहपूर्ण बना दिया।मंत्री जायसवाल ने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री के प्रति जनता के विश्वास की जीत बताया। उन्होंने कहा कि बिहार में एक बार फिर डबल इंजन की सरकार तेज गति से विकास करेगी।
देर रात तक चलता रहा जश्न
मनेंद्रगढ़ के गांधी चौक पर देर रात तक जश्न का माहौल रहा। ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी की चमक और भाजपा कार्यकर्ताओं के जयकारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। कार्यकर्ताओं ने मंत्री जायसवाल के साथ डांस किया और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी जताई। किस गानों पर झूमे मंत्री? स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने ‘लगावे तू लिपिस्टिक’, ‘कंमरिया’, और ‘हुस्न के दरवाजा तोड़के’ जैसे लोकप्रिय भोजपुरी गानों पर डांस किया। मंत्री का ये अंदाज देखकर कार्यकर्ताओं में भी जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं ने की मंत्री की सादगी की तारीफ
स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बिहार में मिली जीत पूरे संगठन के लिए उत्सव का मौका है। साथ ही, उन्होंने मंत्री जायसवाल की सरलता और बिंदास अंदाज की खूब तारीफ की, जिसने माहौल में और जोश भर दिया। बिहार में NDA की एकतरफा जीत बिहार विधानसभा चुनाव परिणामों के अनुसार, NDA ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 202 सीटें जीतीं। अकेले भाजपा ने 89 सीटों पर जीत हासिल की, जिसे पार्टी कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक बताया।