दिल्ली के लाल किले के पास कार में हुए भीषण विस्फोट के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। धमाके की खबर मिलते ही रायपुर पुलिस पूरी तरह एक्टिव हो गई और शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। राजधानी रायपुर के साथ-साथ राज्य के अन्य जिलों में भी रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि बाजारों और सेंसिटिव स्थानों पर गश्त बढ़ाई जाए और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जाए।
एसएसपी ने दी जानकारी, सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर
रायपुर एसएसपी लखन पटले ने बताया कि दिल्ली धमाके के बाद राज्य में अलर्ट जारी किया गया है। सभी सुरक्षा एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थल, धार्मिक स्थल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर तत्काल एक्शन लेने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की गई है ताकि किसी भी तरह की गलत जानकारी फैलने से रोकी जा सके। अधिकारियों ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा के लिए सतर्क रहना सबकी जिम्मेदारी है।
दिल्ली में क्या हुआ था
सोमवार शाम दिल्ली के लाल किले के पास खड़ी एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें आसपास की कई गाड़ियों में आग लग गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई घायल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस और जांच एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं।