नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके बड़े आंदोलन की तैयारी कर रहे हैं। अभिजीत 6 जून को भारत लौटेंगे। उन्होंने सोमवार को कहा कि वह परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के संबंध में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की शुरुआत के लिए छह जून को भारत लौटेंगे।
अभी अमेरिका में रहने वाले दीपके ने ‘इंस्टाग्राम’ पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने अपने समर्थकों और छात्रों से दिल्ली में उनके विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की अपील किया है।
अभिजीत दीपके ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम सभी भारतीय संविधान के मार्ग पर चलते हुए एकजुट हों और शांतिपूर्वक धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करें। अगर हम सब मिलकर आवाज उठाएंगे तो उन्हें हमारी बात जरूर सुननी पड़ेगी। दीपके ने समर्थकों से छह जून को हवाई अड्डे पर उनसे मिलने का आग्रह किया।
कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर ने कहा कि मैंने फैसला किया है कि शनिवार, छह जून की सुबह मैं दिल्ली पहुंचूंगा। कृपया हवाई अड्डे पर मुझसे मिलें और हम सब मिलकर संसद मार्ग थाने जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अनुमति मांगेंगे। वीडियो में दीपके ने आरोप लगाया कि परीक्षा संबंधी विवादों और व्यवधानों ने छात्रों को चिंतित कर दिया है। उन्होंने सरकार से जवाबदेही की मांग भी की।

