स्कॉटलैंड के ग्लासगो में शुरू हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा संदेश में उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी पूरे जोश, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय खिलाड़ियों की प्रतिभा, मेहनत और समर्पण हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता है और इस बार भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
इन स्टार खिलाड़ियों पर रहेंगी सबकी नजरें
इस बार भारत की ओर से कई प्रमुख खिलाड़ी कॉमनवेल्थ गेम्स में हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि इस संस्करण में बैडमिंटन, हॉकी और कुश्ती जैसे कुछ लोकप्रिय खेल शामिल नहीं किए गए हैं। ऐसे में भारतीय खेल प्रेमियों की सबसे ज्यादा नजरें भाला फेंक के स्टार एथलीट नीरज चोपड़ा और वेटलिफ्टिंग की दिग्गज खिलाड़ी मीराबाई चानू के प्रदर्शन पर रहेंगी।
राजा चार्ल्स तृतीय ने किया उद्घाटन
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का औपचारिक उद्घाटन ब्रिटेन के राजा चार्ल्स तृतीय ने किया। उद्घाटन समारोह में भारत की ओर से वेटलिफ्टर मीराबाई चानू और मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने ध्वजवाहक की जिम्मेदारी निभाई।
पहले ही दिन भारत ने दर्ज की शानदार जीत
प्रतियोगिता के पहले दिन भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत के साथ अभियान की शुरुआत की। बॉल्स महिला पेयर्स स्पर्धा में पिंकी सिंह और रूपा रानी टिर्की की जोड़ी ने माल्टा को हराया। वहीं पुरुष वर्ग में पुतुल सोनोवाल ने मौजूदा विश्व चैंपियन को हराकर बड़ा उलटफेर किया।
खेल मंत्री ने भी की खिलाड़ियों की सराहना
केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी ग्लासगो में मौजूद हैं। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स का आगाज भारत के लिए उत्साहजनक रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बॉल्स महिला पेयर्स मुकाबले में आखिरी थ्रो पर मिली रोमांचक जीत की प्रशंसा की।
पिछली सफलता दोहराने की चुनौती
पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने 61 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था। इनमें 22 स्वर्ण, 16 रजत और 23 कांस्य पदक शामिल थे। इस बार भी भारतीय दल से पदकों की मजबूत उम्मीदें हैं और देशभर के खेल प्रेमी खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन की कामना कर रहे हैं।

