रायपुर। गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने के लिए शुक्रवार को रायपुर उत्तर विधानसभा युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नवाज़ खान के नेतृत्व में मोढ़ापारा मस्जिद के पास हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गाय को अविलंब राष्ट्रीय पशु का दर्जा देने की मांग पर हस्ताक्षर किए।
इस दौरान खान ने कहा कि गाय का मुद्दा किसी एक धर्म का नहीं, पूरे देश का है। गाय सेवा, करुणा और सहअस्तित्व का प्रतीक है। इसे राष्ट्रीय पशु घोषित करने से सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी। हम मुस्लिम समाज की तरफ से यह स्पष्ट संदेश देना चाहते हैं कि हम इस मांग में पूरी तरह सहभागी हैं।

