दुर्ग। छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय की जांच का दायरा बढ़ता नजर आ रहा है। गुरुवार को ईडी की टीम ने दुर्ग जिले में रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े सजल जैन और विश्वास गुप्ता के निवास और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर दबिश देकर जांच शुरू की।
तीन वाहनों से पहुंची टीम, सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ तैनात
जानकारी के अनुसार, ईडी की टीम जैन गली स्थित ठिकानों पर पहुंची। कार्रवाई में तीन वाहनों से आए 12 से अधिक अधिकारियों के शामिल होने की बात सामने आई है। तलाशी और जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था संभालने के लिए सीआरपीएफ के जवान भी तैनात रहे।
रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ने की चर्चा
बताया जा रहा है कि कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल से जुड़े दस्तावेजों और जांच के दौरान मिले कुछ इनपुट के आधार पर ईडी की कार्रवाई रियल एस्टेट कारोबारियों तक पहुंची है। टीम संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य जरूरी जानकारी की जांच कर रही है।
हालांकि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान कोई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड या अन्य साक्ष्य मिले हैं या नहीं।
रायपुर और धमतरी में भी कार्रवाई का दायरा
इसी जांच के सिलसिले में ईडी ने रामगोपाल अग्रवाल के अलावा जीडी लॉजिस्टिक के संचालक तथा डॉ. कमलेश्वर अग्रवाल के भाई अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित निवास और कार्यालय सहित कई ठिकानों पर भी छापेमारी की है। वहीं रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है।
जांच फिलहाल जारी है और ईडी की ओर से आधिकारिक रूप से बरामदगी या जांच के निष्कर्षों की विस्तृत जानकारी आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

