उत्तर प्रदेश : मऊ जिले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक इनामी और वांछित गो-तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। कोपागंज थाना क्षेत्र के इंदारा रेलवे स्टेशन के पास हुई इस कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उसका इलाज जारी है।
लंबे समय से फरार था आरोपी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोपागंज थाना क्षेत्र के चेला राम का पूरा निवासी ढेला पुत्र नसीर के रूप में हुई है। वह गौवध अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था। पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।
घेराबंदी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी कटवास की ओर से इंदारा रेलवे स्टेशन की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान संदिग्ध दिखाई देने पर पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आत्मसमर्पण करने के बजाय उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध तमंचा और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और अन्य सामान बरामद किया है। घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ढेला के खिलाफ मऊ और बलिया जिलों में गौवध अधिनियम समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। बलिया के सिकंदरपुर थाने में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके पूरे आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह किन लोगों के साथ मिलकर गो-तस्करी के नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

