जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा जिले के नैला पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने पारिवारिक कलह से व्यथित होकर अपने दो मासूम बच्चों के साथ कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। घर के अंदर तीनों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कीटनाशक जहर का सेवन माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नैला पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक रमेश कुमार पटेल का लगभग एक सप्ताह पूर्व अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई थी। मंगलवार को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने ससुराल गया था, लेकिन पत्नी ने वापस आने से साफ इनकार कर दिया। रमेश अकेला और अत्यधिक व्यथित होकर घर लौटा था। आशंका है कि इसी क्षोभ में उसने यह खौफनाक कदम उठाया।
बुजुर्ग पिता गए थे काम पर, पीछे से हुई वारदात
बुधवार सुबह करीब आठ बजे मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने ग्राम कटनाई गए हुए थे। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे उन्हें सूचना मिली कि उनका पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। बदहवास पिता जब घर पहुंचे, तो वहां रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों बच्चे मृत पाए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएसपी जांजगीर योगिता बाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद अधिकारियों को हर पहलू पर जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। घटनास्थल को सील कर मर्ग कायम किया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

