धमतरी। नगरी-धमतरी केरेगांव रोड में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ओडिसा से धमतरी आ रही दिनेश ट्रेवल्स की एक चलती बस के टायर में अचानक आग भडक़ गई। सडक़ किनारे स्थित सैलून संचालक की नजर पड़ी। उसने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। इसके बाद रेस्क्यू शुरू हुआ। सैलून संचालक राहुल और पेट्रोलिंग पार्टी की टीम ने बस को ओवरटेक करते हुए केरेगांव से 5 किमी दूर खड़ादाह के पास बस को रूकवाया। बस रुकते ही बिना देर किए सभी यात्रियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इधर पुलिस के जवान व राहुल टायर में लगे आग को बुझाने में जुट गए। बस के टायर में आग की खबर से यात्रियों में दहशत फैल गई थी। कुछ देर अफरा-तफरी जैसी स्थिति रही। यात्री बस में करीब 40 लोग सवार थे। 2 से 8 साल के 5 बच्चे भी बस में बैठे थे। इधर बस से नीचे उतरते ही अपने आपको सुरक्षित पाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। आग पर काबू पाने के थोड़ी देर बाद उसी बस से यात्रियों को उनके गतंव्य तक पहुंचाया। इस दौरान यात्रियों को लगभग आधा घंटा इंतजार करना पड़ा।
ड्राइवर-कंडक्टर भी रहेे बेखबर
बस के टायर में आग लगने की घटना से कंडक्टर और ड्राइवर दोनों बेखबर थे। गनीमत रही कि सैलून संचालक की नजर पड़ी और बस को ओवरटेक कर रोक लिया गया। इस सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यदि कुछ देर और होती तो आग पूरे बस में फैल सकती थी। पुलिस और लोगों की मदद से सभी यात्री सुरक्षित बच गए।

