पश्चिम बंगाल : विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी रविवार सुबह बीरभूम जिले के रामपुरहाट में मृत पाए गए। पुलिस के मुताबिक, उनका शव उनके घर के पास स्थित टीएमसी कार्यालय के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पार्टी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट समेत अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है।
रामपुरहाट सीट से पांच बार विधायक रहे आशीष बनर्जी
आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से पांच बार विधायक चुने गए थे। उन्होंने पहली बार 2001 में चुनाव जीता था। इसके बाद 2006, 2011 और 2016 में भी उन्होंने रामपुरहाट सीट पर जीत दर्ज की। हालांकि, इस साल हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उन्हें बीजेपी के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा।बनर्जी को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का करीबी माना जाता था और उन्होंने राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं।
ममता सरकार में संभाले कई अहम मंत्रालय
आशीष बनर्जी को 2014 में राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। उन्हें आयुर्वेद, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी विभाग का स्वतंत्र प्रभार सौंपा गया था।
इसके बाद 2015 में उन्हें जैव प्रौद्योगिकी, सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन तथा योजना विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई। वर्ष 2017 में उन्होंने पूर्णेंदु बोस की जगह पश्चिम बंगाल के कृषि मंत्री का पद संभाला।बाद में उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के तौर पर भी जिम्मेदारी निभाई।
घटना के बाद TMC कार्यालय के बाहर जुटी भीड़
आशीष बनर्जी रामपुरहाट के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही टीएमसी कार्यालय के बाहर समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना को लेकर इलाके में शोक और हैरानी का माहौल है।पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। शव के पोस्टमार्टम के बाद ही मौत से जुड़े कई सवालों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

