रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सोमवार शाम अचानक तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने पहले ही प्रदेश में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी।
सोमवार को दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। राजधानी रायपुर में तेज हवाओं के साथ करीब 10 से 15 मिनट तक बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं दुर्ग, बिलासपुर सहित अन्य जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिला।
12 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 12 जून तक प्रदेश के सभी जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ में मौसम की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है। मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कई हिस्सों तक पहुंच चुका है। अनुकूल परिस्थितियां बनी रहीं तो अगले चार से पांच दिनों में मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी प्रवेश कर सकता है।
किसानों और आम लोगों को राहत की उम्मीद
मानसून की बढ़ती गतिविधियों से किसानों में भी उम्मीद जगी है। खरीफ सीजन की तैयारी कर रहे किसान अब मानसून के प्रदेश में प्रवेश का इंतजार कर रहे हैं। वहीं आम लोगों को उम्मीद है कि नियमित बारिश शुरू होने के बाद गर्मी और उमस से पूरी तरह राहत मिलेगी।

