धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की जान चली गई। ग्राम पंचकवासा के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रॉले ने सामने से ईको वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
महाकाल के दर्शन कर गुजरात लौट रहे थे श्रद्धालु
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक गुजरात के वडोदरा निवासी थे। वे उज्जैन में भगवान महाकाल के दर्शन करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बदनावर-उज्जैन फोरलेन पर उनकी वैन सामने से आ रहे ट्रॉले की चपेट में आ गई।
रेस्क्यू के लिए काटनी पड़ी वैन
हादसा इतना भयावह था कि दो शव वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। राहत एवं बचाव दल को उन्हें बाहर निकालने के लिए ग्राइंडर की मदद से वाहन का हिस्सा काटना पड़ा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी शवों को बाहर निकाला।
घटना के बाद चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोहे से भरा ट्रॉला बदनावर-उज्जैन मार्ग पर रॉन्ग साइड से चल रहा था। सामने से आ रही मारुति ईको वैन से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रॉला चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बदनावर थाना प्रभारी अमित सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार सुरेश नागर और एसडीएम प्रियंका मिमरोद ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने यातायात सामान्य कराया और मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपे जाएंगे शव
सभी शवों को बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

