Ambikapur से गुजरने वाले कटनी-गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब हालत को लेकर उठाई गई खबर के बाद अब सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। खरसिया नाका के पास नेशनल हाईवे के अधिकारियों और जिला प्रशासन की मौजूदगी में बड़े गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है। इसके लिए जेसीबी, बुलडोजर और रोलर मशीनों को मौके पर लगाया गया है।
बड़े गड्ढों को भरने में जुटी टीम
खरसिया नाका के आसपास राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब सड़क पर मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। मशीनों की मदद से क्षतिग्रस्त हिस्सों की सफाई कर गड्ढों में सामग्री डालकर उन्हें समतल किया जा रहा है। मौके पर अधिकारियों की मौजूदगी में काम की निगरानी भी की जा रही है।
लंबे समय से इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बारिश के दौरान स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई थी।
खबर के बाद भाजपा संगठन मंत्री ने जताई नाराजगी
सड़क की स्थिति को लेकर खबर सामने आने के बाद भाजपा के संगठन मंत्री पवन साय भी एक दिन पहले अंबिकापुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधियों से सड़क की स्थिति को लेकर जवाब मांगा।
उन्होंने साफ कहा कि यदि जनप्रतिनिधि जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं करा सकते तो राजनीति करने का क्या मतलब है। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग की मरम्मत को लेकर प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज हुईं।
लोगों को राहत की उम्मीद
मरम्मत का काम शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को अब राहत की उम्मीद जगी है। हालांकि, सड़क की स्थायी स्थिति सुधारने के लिए केवल गड्ढे भरने के बजाय क्षतिग्रस्त हिस्सों का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण भी जरूरी माना जा रहा है। फिलहाल नेशनल हाईवे की टीम मशीनरी के साथ सड़क सुधारने में जुटी है।

